सुनील सोनी और छाया चंद्राकर के स्वर से सजा गीत “मोर जीवन साथी” 13 अक्टूबर को सुबह 7 बजे होगा रिलीज
SANJHA BIHANIYA… छत्तीसगढ़ी फीचर फिल्म “छत्तीसगढ़िया आशिक बईहा” का पहला गीत मोर जीवन साथी 13 अक्टूबर को चंदन म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जा रहा है। इस फिल्म को निर्देशित किया है नितेश लहरी ने और उसके निर्माता हैं तेजपाल लहरी। फिल्म के इस गीत को स्वर से सजाया है सुनील सोनी और छाया चंद्राकर ने और इसे संगीतबद्ध किया है अमित प्रधान ने। नितेश लहरी ने इस फिल्म का लेखन और संपादन भी किया है.
फिल्म में अभिनेता तेजपाल लहरी, धनलक्ष्मी जुमनानी और आहना फ्रांसिस मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। मोर जीवन साथी गीत में तेजपाल लहरी और धनलक्ष्मी जुमनानी की जोड़ी नजर आने वाली है। नवंबर माह में फिल्म का दूसरा गीत रिलीज किया जाएगा और जल्द ही इस फिल्म को सिनेमाघर में प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है।
फिल्म के वितरक अमन पिक्चर्स के अलक राय हैं, उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही फिल्म को सिनेमा घर में लाने की तैयारी हो रही है जिसको ध्यान में रखते हुए अब फिल्म के गीतों को रिलीज किया जा रहा है। यूट्यूब में चंदन म्यूजिक एक जाना माना नाम है इसीलिए सभी की सहमति से गीतों को रिलीज करने के लिए चंदन म्यूजिक का चयन किया गया।
फिल्म के निर्माता तेजपाल लहरी ने बताया कि यह फिल्म रोमांटिक लव स्टोरी है, फिल्म में उन्होंने स्वयं अभिनय किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने के लिए इस फिल्म का निर्माण किया गया है जिसे नितेश लहरी ने बहुत सुंदर ढंग से निर्देशित किया है।13 अक्टूबर को सुबह 7:00 बजे चंदन म्यूजिक पर रिलीज होने वाले गीत मोर जीवन साथी को मया और दुलार देने की अपील भी अभिनेता तेजपाल लहरी ने की है।

