सनिमा

उदय और कार्तिक की जोड़ी फिर दिखेगी पर्दे पर, 24 साल बाद आ रहा है ऐतिहासिक फिल्म का न्यू वर्जन

संझा बिहनिया…. उदय और कार्तिक की जोड़ी पुराने फिल्मों के जानकार जान ही गए होंगे, यह जोड़ी उस छत्तीसगढ़ी फिल्म की है जिसने सिनेमा जगत को एक नया आयाम दिया और निर्माता निर्देशक फिल्में बनाने लगे।
इस फिल्म का नाम है मोर छईयां भुइयां। जी हां मोर छईयां भुइयां को रिलीज हुए आज 24 बरस हो गए हैं, इस फिल्म के पात्र रहे उदय और कार्तिक दो भाई थे जिनके विचार कुछ समय के लिए भिन्न हो जाते थे जिससे परिवार में कलह की स्थिति आ जाती थी लेकिन सच और झूठ की लड़ाई में आखिर जीत सच की होती है। इस पारिवारिक ताने बाने में फिल्म के निर्देशक सतीश जैन ने अच्छे अच्छे गीत, बेहतरीन संवाद, सुंदर पटकथा और जबरदस्त निर्देशन परोसा था, स्वाभाविक है की फिल्म सुपर डुपर हिट होनी ही थी।

निर्देशक सतीश जैन एक बार फिर 24 साल बाद उदय और कार्तिक की जोड़ी नए चेहरे के साथ लेकर आ रहे हैं मोर छईयां भुइयां 2 में। यह फिल्म 24 मई को संपूर्ण छत्तीसगढ़ में रिलीज हो रही है, फिल्म के कुछ गाने और ट्रेलर यूट्यूब पर रिलीज किये जा चुके हैं जिन्हें खासा पसंद किया जा रहा है, फिल्म के ट्रेलर को देखकर एक अच्छी फिल्म नजर आ रही है मोर छईयां भुइयां 2।

अपनी फिल्म के प्रमोशन को लेकर निर्देशक और उनकी टीम अब प्रदेश भर के दौरे पर भी हैं, विगत दिनों वे बिलासपुर में अपनी फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे थे वहां उन्होंने बताया की फिल्म के गानों और ट्रेलर को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि फिल्म को भी वैसा ही प्रतिसाद प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी बताया कि मोर छइयां भुइयां 2 में मनोरंजन के साथ वह सारी चीजें हैं जो छत्तीसगढ़ी सिनेमा के दर्शक चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा यही कोशिश होती है कि मैं दर्शकों को स्वस्थ मनोरंजन परोस सकूं।

इस बार मोर छईयां भुइयां 2 में मन कुरैशी, दीपक साहू, एल्सा घोष और दीक्षा जायसवाल मुख्य अभिनय में नजर आएंगे।इनके अलावा मनोज जोशी, अंजलि सिंह, सुमित्रा साहू, सुरेश गोंडाले,पुष्पेन्द्र सिंग समेत ढेर सारे कलाकार भी है। इस फिल्म में उस गीत को भी रखा गया है जिस गीत ने छत्तीसगढ़ में जमकर धूम मचाया था गीत के बोल हैं “टूरी आइसक्रीम खाके फरार होगे जी” इसके अलावा “तोला सीधा भांवर पराना हे” और “हो गेंव मया म बेहाल” गीत भी काफी चर्चा में है। अब इंतजार है 24 मई का जब यह फिल्म रिलीज होगी और कीर्तिमान भी रचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *