BJP: किसानों और अन्न का अपमान करके राष्ट्रीय सम्पदा को क्षति पहुँचाने का कृत्य कर प्रदेश सरकार सहकारी समितियों की कमर तोड़ने पर उतारू : श्यामबिहारी जायसवाल
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल ने ख़रीदी केंद्रों में अब तक लाखों मीटरिक टन धान जाम पड़े रहने को लेकर प्रदेश सरकार की लचर कार्यप्रणाली की आलोचना की है।
श्री जायसवाल ने कहा कि किसानों और किसानों द्वारा उत्पादित अन्न का अपमान करके राष्ट्रीय सम्पदा को क्षति पहुँचाने का कृत्य प्रदेश सरकार कर रही है और सहकारी समितियों की कमर तोड़ने पर उतारू है। (BJP) श्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार धान ख़रीदी से लेकर धान के समय पर उठाव के मोर्चे पर अपनी विफलता को ढँकने के लिए पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन की आड़ लेकर बहानेबाजी करने में लगी है।
उन्होंने कहा कि सरगुजा में धान उठा चुके राइस मिलर्स से नान चावल जमा नहीं करवा रहा है जिससे आगे का धान उठाव मिलर्स नही कर पा रहे है । लगता है सरकार ही नही चाहती है कि सोसाइटी से धान उठाव हो ।
भाजपा (BJP) किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि धान ख़रीदी का काम पूरा हुए दो माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी प्रदेश सरकार ख़रीदी केंद्रों से धान का उठाव तक नहीं करा पाई है। एक अनुमान के मुताबिक़ प्रदेशभर के कोई 20 ज़िलों में 25 लाख मीटरिक टन से भी ज़्यादा धान ख़रीदी केंद्रों में जाम पड़ा है। एक तरफ बेमौसम बारिश के चलते धान सड़ने की नौबत आती है तो दूसरी तरफ बढ़ते तापमान से धान में सूखत बढ़ती है। ज़ाहिर है इसका सीधा खामियाजा सहकारी समितियों को उठाना पड़ता है।

