छत्तीसगढ़ में भी धार्मिक फिल्मों का दौर शुरू, 25 जुलाई और 5 सितंबर को रिलीज होगी ये फिल्में
SANJHA BIHANIYA… छत्तीसगढ़ी सिनेमा में भी अब धार्मिक फिल्मों की कतार लगेगी, 25 जुलाई को मोर महादेव फिल्म प्रदर्शित होगी उसके बाद 5 सितंबर को सोनाली सहारे और लिलेश्वर सिन्हा अभिनीत छत्तीसगढ़ी फिल्म जय शीतला मईया भी रिलीज को तैयार है। इस फिल्म के चार गाने AVM के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हो चुके हैं और उन्हें खासा पसंद भी किया गया है। इस फिल्म का ट्रेलर 15 अगस्त को लांच किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब शीतला मां पर छत्तीसगढ़ में किसी फिल्म का निर्माण हुआ है, इस फिल्म में सोनाली सहारे, लिलेश्वर सिन्हा, जानू साहू, अनुराधा दुबे, संजय मैथिल और प्रदीप शर्मा समेत ढेर सारे कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म के निर्देशक डॉक्टर पुनीत सोनकर हैं।
फिल्म के निर्माता लिलेश्वर सिन्हा ने बताया की जय शीतला मैया अब तक बॉलीवुड, हॉलीवुड या नेशनल इंटरनेशनल स्टेज पर अंटच्ड स्टोरी है और ऐसे विषय पर हमें फिल्म बनाने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने बताया कि ऐसा कोई गांव नहीं होता जहां शीतला मैया का मंदिर ना हो, यह प्रकृति की देवी है और यह कैसे ग्राम देवी बनी, क्यों सभी जाति धर्म के लोग इन्हें पूछते हैं इसका जवाब भी फिल्म के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचेगा।
फिल्म के खूबसूरत गीतों को स्वर से सजाया है दिलीप षड़ंगी, दुकालू यादव, अलका चंद्राकर, छाया चंद्राकर और अनुराग शर्मा ने। इस फिल्म में जँवारा स्थापना से लेकर उसके विसर्जन तक के दृश्य को बखूबी फिल्माया गया है, जो माता के भक्तों को खूब पसंद आएगा।

