फिल्म निर्माण में उतरे मशहूर डीओपी तोरण राजपूत, अपनी फिल्म का किया मुहूर्त, नाम है “हाय पईसा”
SANJHA BIHANIYA… छत्तीसगढ़ के जाने-माने डीओपी तोरण राजपूत भी अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रख चुके हैं। हमेशा से अपनी दूरदर्शिता और फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक की हर संभव मदद करने में माहिर तोरण दादा ने अपनी फिल्म की घोषणा की है जिसका नाम है हाय पईसा।

6 मार्च को उन्होंने अपने कलाकारों के साथ गढ़कलेवा में फिल्म की घोषणा करते हुए जानकारी दी कि लंबे समय से मन में फिल्म निर्माण का विचार था साथ ही कहानी पर भी काम चल रहा था। लगातार फिल्मों के शूट में रहने की वजह से धीरे-धीरे इसकी कहानी लिखी गई। फिल्म हाय पईसा में कलाकारों का चयन किया जा चुका है, इसमें मन कुरैशी आकाश सोनी और आस्था शर्मा मुख्य भूमिका में है। फिल्म के संवाद गिरवर दास मानिकपुरी ने लिखे हैं।

तोरण राजपूत ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग 25 मार्च से प्रारंभ होगी और इसमें कॉमेडी, एक्शन, पारिवारिक ड्रामा समेत वह सब कुछ होगा जो 100% मनोरंजन प्रदान करेगा।फिल्म के डी ओ पी सिद्धार्थ होंगे, इन्होंने भी कैमरे की बारीकियां तोरण दादा से ही सीखी हैं।

तोरण राजपूत उस समय से इस क्षेत्र से जुड़े हैं जब छत्तीसगढ़ में फिल्मों के निर्माण के बारे में कोई सोचता भी नहीं था लेकिन इनकी दूर दृष्टि उस समय भी फिल्म मेकिंग की थी। रायपुर दूरदर्शन से लेकर भोपाल दूरदर्शन तक की टेली फिल्मों में इन्होंने बतौर तकनीशियन कार्य किया फिर मुंबई में भी टेक्निकल कार्यों को सीखा और जब छत्तीसगढ़ में सीडी एल्बम का दौर आया तो तोरण राजपूत का सिक्का चलने लगा और ये दौर तब से लेकर अब तक बरकरार है।

