इशिका यादव की पांचवी फिल्म है “गांव में जीरो शहर में हीरो” अभिनेता के दोस्त की भूमिका में आएंगी नजर
SANJHA BIHANIYA….. 9 फरवरी से रिलीज होने वाली छत्तीसगढ़ी फिल्म गांव में हीरो शहर में हीरो में अभिनेत्री इशिका यादव लीड रोल में नजर आएंगी, यह उनकी पांचवी फिल्म है। उसके पूर्व इशिका ने नवा बिहान, मिस यू मोर स्वीटहार्ट और काली जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। इशिका ने बताया कि गांव में जीरो शहर में हीरो के अभिनेता मनोज राजपूत के साथ काम करना काफी अच्छा अनुभव रहा।

चैलेंजिंग कैरक्टर और स्टोरिकल कहानी पर काम करने की इच्छा रखने वाली इशिका यादव वर्तमान में कमला संगीत विद्यालय में कथक सीख रही हैं, अब तक इशिका की जितनी भी फिल्में आई उनमें उनके अभिनय को सराहा गया।
इस फिल्म को लेकर भी इशिका ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस फिल्म में भी मैंने अच्छा अभिनय करने की कोशिश की है और मुझे उम्मीद है कि मेरा अभिनय दर्शकों को जरूर पसंद आएगा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में जन्मी इशिका को शुरू से अभिनय क्षेत्र ने खासा प्रभावित किया, उन्होंने साउथ और महाराष्ट्र की फिल्मों में भी ऑडिशन दिया है।
इशिका ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी शासन द्वारा पंजीकृत एक संगठन का गठन होना चाहिए ताकि यहां के कलाकारों को अन्य राज्यों में काम करने में दिक्कत पेश न आए। फिलहाल इशिका ने दर्शकों से गांव में जीरो शहर में हीरो फिल्म को मया और दुलार देने की अपील की है।


