BJP: आयु-सीमा का उल्लंघन कर कोविड टीका लगवाने पर संसदीय सचिव शकुंतला पर फ्रॉड और धोखाधड़ी के मामले में कड़ी कार्रवाई हो : सौरभ
संझा बिहनिया रायपुर…. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक (अकलतरा) सौरभ सिंह ने को-वैक्सीन टीकाकरण की आयु-सीमा का उल्लंघन कर 35 वर्ष की उम्र में कोविड टीका लगवाने के लिए कसडोल की विधायक और संसदीय सचिव शकुंतला साहू के कृत्य को फ्रॉड और धोखाधड़ी का मामला बताते हुए उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
श्री सिंह ने कहा कि कोरोना के ख़िलाफ़ जारी ज़ंग को कांग्रेस के नेता और जनप्रतिनिधि किस तरह पलीता लगाने पर आमादा हैं, संसदीय सचिव जैसे अहम पद पर बैठीं शकुंतला साहू ने अपने इस कारनामे से इसकी बानगी पेश की है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम ही है।
भाजपा (BJP) विधायक श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के लोग ही कोरोना गाइडलाइन की धज्जियाँ उड़ाने और टीकाकरण की आयु-सीमा के साथ धोखाधड़ी करने पर उतारू हैं। ज़रूरतमंद आम आदमी की सेहत से खिलवाड़ करने में कांग्रेस के लोगों को आख़िर कब हिचकिचाहट होगी?
(BJP) श्री सिंह ने मांग की कि जब केंद्र सरकार की ओर से अभी 45+ की आयु-सीमा तय करके टीकाकरण कराए जाने की व्यवस्था की गई है तो संसदीय सचिव साहू ने 35 वर्ष की उम्र होने के बावज़ूद टीका लगवाकर सरकार में होते हुए भी केंद्र सरकार के मानक बिंदुओं के उल्लंघन का दुस्साहस कैसे, क्यों और किसके इशारे पर किया, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।

