Chhattisgarh: भाजपा ने जताई राज्यपाल को स्टेट प्लेन नहीं देने पर गम्भीर आपत्ति, माफ़ी माँगें मुख्यमंत्री
संझा बिहनिया रायपुर…. (Chhattisgarh) प्रदेश भाजपाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कांग्रेस सरकार की तरफ से राज्यपाल को स्टेट प्लेन नहीं देने पर गम्भीर चिंता व्यक्त की है। श्री साय ने कहा कि कांग्रेस लगातार सुनियोजित तरीक़े से लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं के ख़िलाफ़ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह महज़ संयोग नहीं हो सकता कि एक ही समय पर महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ दोनों से एक जैसी घटना सामने आ रही है, जहां पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के बावजूद राज्यपालों को इस तरह अपमानित किया गया है।
श्री साय ने कहा कि कांग्रेस का यह चरित्र रहा है कि वह हमेशा संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग करती रही है। और जहां ऐसे दुरुपयोग की गुंजाइश नहीं हो, वहां ऐसे हथकंडे अपना कर अपनी भड़ास निकालती रही हैं।
प्रदेशाध्यक्ष श्री साय ने कहा कि आदिवासी वर्ग से आने वाली महामहिम राज्यपाल हमेशा यहां के वंचित वर्गों के हक़ में अपने अधिकारों का प्रयोग करती रही हैं, इसीलिए वे कांग्रेस की आंखों में खटक रही हैं। अभी उन्होंने पाँचवी अनुसूची के तहत अपने अधिकारों का उपयोग कर आदिवासी विरोधी भूपेश सरकार की अवैधानिक मंशा को विफल किया है। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या इसीलिए (Chhattisgarh) मुख्यमंत्री की बौखलाहट तो सामने नहीं आ रही? श्री साय ने कहा कि इससे पहले भी कृषि बिलों पर तथा विश्वविद्यालय सम्बंधी मामलों पर महामहिम अपने अधिकारों का उचित उपयोग कर विधि का संरक्षण करती रही हैं, इसलिए भी वे शायद कांग्रेस सरकार की आंख की किरकिरी बनी हुई हैं।
(Chhattisgarh) प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में भी राज्यपाल श्री कोश्यारी को एयरपोर्ट पहुंच कर इंतज़ार कराने के बावजूद विमान नहीं देना, और वैसा ही वाक़या छग में ही दुहराने से इस आशंका को बल मिलता है कि ऐसा कांग्रेस सरकारें सुनियोजित तरीक़े से केंद्रीय कांग्रेस के इशारे पर तो नहीं कर रही है?

