पौराणिक कथाओं और संस्कृति पर आधारित फिल्मों को प्यार दें – राजा खान
SANJHA BIHANIYA… छत्तीसगढ़ी फिल्मों के जाने-माने निर्देशक राजा खान ने ऐसी फिल्म बनाई है जो छत्तीसगढ़ के पौराणिक कथा और प्रदेश की संस्कृति पर आधारित है, उन्होंने दर्शकों से अपील की है कि ऐसी फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिलेगा तो अन्य निर्माता निर्देशक भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति से जुड़ी फिल्मों का निर्माण करेंगे और छत्तीसगढ़ की संस्कृति जन-जन तक पहुंचेगी।

उन्होंने अपनी फिल्म झिटकू मिटकी को लेकर कहा कि यह फिल्म 7 फरवरी को प्रदर्शित हो रही है, इसमें बस्तर की प्रसिद्ध प्रेम कहानी को हू ब हू दर्शाने की कोशिश की गई है साथ ही बस्तर की संस्कृति को दर्शाया गया है।
इस फिल्म में आदिवासी कल्चर, उनकी जीवन शैली, रहन-सहन और प्रेम कहानी को दिखाया गया है जो अधूरी रह गई थी, लेकिन झिटकू मिटकी के त्याग और प्रेम के प्रति समर्पण के लिए आज भी उन्हें पूजा जाता है।
यह प्रेम कहानी सैकड़ो बरस पुरानी है। राजा खान ने फिल्म के निर्माता और अभिनेता समेत बस्तर के लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने फिल्म निर्माण में उनका सहयोग किया। उन्होंने अपील की है कि ऐसी फिल्मों को दर्शक प्यार जरूर दें जिसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक हो।

