जीरो को हीरो बनाने नीरज वर्मा ने की खूब मेहनत, छत्तीसगढ़, उड़ीसा और मुंबई से भी मिल रही तारीफें
SANJHA BIHANIYA…. बहुप्रतिक्षित छत्तीसगढ़ी फीचर फिल्म “गांव म जीरो शहर में हीरो” आगामी 9 फरवरी को संपूर्ण छत्तीसगढ़ में प्रदर्शित होने वाली है।आपको बता दे कि यह फिल्म एक बड़े कैनवास की बड़े बजट की फिल्म है जिसे निर्देशित किया है जाने माने निर्देशक उत्तम तिवारी ने। फिल्म में जो जीरो से हीरो बनते हैं यानी मुख्य अभिनेता उनका नाम है मनोज राजपूत। मनोज राजपूत की यह फिल्म उनकी ही बायोपिक है, कैसे उन्होंने गांव से निकलकर मेहनत की और एक मुकाम हासिल किया और रियल लाइफ में हीरो बन गए। मनोज राजपूत की जिंदगी में यह सब कैसे मुमकिन हुआ यही इस फिल्म में बताया गया है।

इस फिल्म की कहानी कहीं ना कहीं हर किसी से जुड़ी हुई है। फिल्म में एक हीरो और है जिनका नाम है नीरज वर्मा, नीरज वर्मा भले ही आपको पर्दे में दिखाई ना दे लेकिन पर्दे के पीछे के हीरो वही है, यह तमगा उन्हें फिल्म के निर्देशक, कलाकार, टेक्नीशियन समेत छत्तीसगढ़, उड़ीसा और महाराष्ट्र के फिल्म से जुड़े लोगों ने दे दिया है। क्योंकि इस फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन, एडिटिंग, डीआई, कलर करेक्शन समेत कई तकनीकी कामों को नीरज वर्मा ने बखूबी अंजाम दिया है जो आपको पर्दे पर दिखाई देगा। फिल्म की क्वालिटी बॉलीवुड के किसी बड़े बैनर की फिल्म से कम नजर नहीं आएगी। फिल्म के निर्देशक उत्तम तिवारी ने भी जीरो को हीरो बनता दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अपनी फिल्म के प्रदर्शन को लेकर मनोज राजपूत ने सभी को बधाइयां दी है।

