जलवा बरकरार है दूल्हा राजा का, सिनेमाघर में दर्शकों द्वारा घेरकर दी जा रही है बधाइयां
SANJHA BIHANIYA….. इस साल की पहली बड़े बजट और बड़े कैनवास की छत्तीसगढ़ी फीचर फिल्म दूल्हा राजा को जिसने देखा उसने तारीफ ही की। उच्च कोटि के कैमरे और शानदार कॉस्ट्यूम के साथ जबरदस्त फिल्मांकन ने फिल्म को एक ऊंचाई प्रदान की है।

फिल्म के निर्माता और अभिनेता राज वर्मा फिल्म के प्रमोशन के लिए जहां भी पहुंचे वहां उन्हें दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया। पिछले दिनों वह भिलाई के चंद्रा सिनेमा घर पहुंचे थे जहां लोगों ने उन्हें घेर कर फिल्म की बधाइयां दी और ऑटोग्राफ भी लिया। फिल्म में राज वर्मा और अभिनेत्री काजल सोनबेर की जोड़ी को लोगों ने खासा पसंद किया है। दर्शकों ने बताया की फिल्म में पूरे समय मनोरंजन है और मध्यांतर के बाद फिल्म दोगुना मजा देने लगती है। फिल्म के गीतों को लोग गुनगुनाते हुए बाहर निकलते नजर आए। संपूर्ण छत्तीसगढ़ में रिलीज हुई फिल्म दूल्हा राजा को हर तरफ से प्यार और स्नेह मिलने की खबरें हैं जिसके चलते फिल्म के कलाकारों में उत्साह चरम पर है।

चंद्रा सिनेमाघर में फिल्म के कलाकार जब पहुंचे तो सिनेमाघर का माहौल कुछ अलग ही नजर आया। दर्शकों ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्म के कलाकार बड़े ही सहज और अच्छे व्यक्तित्व के होते हैं जो दर्शकों को ग्राहक मात्र ना समझते हुए अपने बीच का ही समझते हैं। बहरहाल छत्तीसगढ़ी फीचर फिल्म दूल्हा राजा ने दर्शकों के बीच अपनी जगह बना ली है, इसका फायदा आने वाले समय में फिल्म से जुड़े कलाकारों को अवश्य मिलेगा।

