राजनिती

BJP: प्रदेश सरकार स्पष्ट करे, ग्रामीण क्षेत्रों में कौन फैला रहा है ग़लतफ़हमियाँ, जिससे लोग वैक्सीन लगवाने तैयार नहीं हो रहे : साय

संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश के गाँवों में कोरोना प्रतिरोधक वैक्सीन का टीका लगाने पहुँच रही प्रशासनिक टीम का विरोध कर उसे गाँव से लौटने को मज़बूर किए जाने की ख़बरों पर चिंता जताते हुए इसे प्रदेश सरकार की विफलता बताया है।

श्री साय ने प्रदेश सरकार से यह स्ष्ट करने की मांग की है कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीन को लेकर इस तरह की ग़लतफ़हमियाँ कौन फैला रहा है, जिससे ग्रामीण अब वैक्सीन लगवाने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं और टीकाकरण के लिए पहुँच रहे प्रशासनिक अमले को विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा (BJP) प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि जब तक 60 वर्ष और 45 वर्ष आयुसीमा से अधिक वालों को वैक्सीन टीकाकरण का काम केंद्र सरकार के निर्देशन में चल रहा था, तब तक इस तरह का कोई व्यवधान और विरोध सामने नहीं आया, और अब 18 वर्ष की आयुसीमा से अधिक के लोगों के टीकाकरण का यह काम जबसे प्रदेश सरकार के अधिकार क्षेत्र में आया है, टीकाकरण के विरोध की ख़बरें सामने आने लगी हैं।

श्री साय ने कहा कि वायरल हो रहे वीडियो क्लिप्स और अख़बारों में प्रकाशित समाचारों में यह बात हैरत में डालने वाली है कि कोरोना को सरकारी बीमारी कहा जा रहा है और ग्रामीण किसी भी सूरत में टीकाकरण के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं, जिससे प्रशासनिक अमले को काफ़ी दिक़्क़तें उठानी पड़ रही हैं। (BJP) श्री साय ने कहा कि टीकाकरण का विरोध करना एकदम ग़लत है और इसके लिए प्रदेश सरकार को गाँव-गाँव में जागरुकता के लिए कैम्प आदि लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि कोरोना के ख़िलाफ़ जारी ज़ंग अपने सार्थक बिंदु तक पहुँचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *