राजनिती

BJP: छत्तीसगढ़ महतारी की बेटी-बहन की चिंता नहीं है प्रदेश सरकार को : लता उसेण्डी

संझा बिहनिया रायपुर….(BJP) भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित प्रदेश व्यापी मातृशक्ति स्वाभिमान मार्च के अंतर्गत पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन का आयोजन हुआ।

धरना को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में बेटियां इतनी असुरक्षित हैं कि अब सुरक्षा की मांग को लेकर हम बेटियों को प्रदर्शन के लिए एकजुट होना पड़ रहा है।

पूरे प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिस्थितियां एक जैसी हैं। प्रदेश की असंवेदनशील सरकार को कहीं भी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी मातृशक्ति एकजुटता के साथ एकत्र होती है तो न्याय जरूर होता है। सांसद सुश्री पाण्डेय ने कहा कि इस अत्याचारी सरकार को जवाब देने का सही वक्त आ गया है।

पूर्व मंत्री व (BJP) महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि प्रदेश की सरकार केवल सत्ता के आनंद में डूबी हुई है उसे बेटियों की रक्षा की कोई चिंता नहीं है। सरकार के कुछ मंत्री तो ऐसे है जिन्हें अनाचार जैसी घटना छोटी लगती है तो इस सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है?

उन्होंने कहा कि शराबबंदी के नाम पर सत्ता में आयी कांग्रेस शराबबंदी करने के बजाय अवैध शराब के कारोबार में संलग्न है जिसके कारण आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा व शराबबंदी को लेकर राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए।

(BJP) पूर्व मंत्री रमशीला साहू ने कहा कि प्रदेश में नारी उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, इस पर अंकुश लगाने में प्रदेश की कांग्रेस सरकार नाकाम है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार को यदि महिलाओं की सुरक्षा की चिंता होती तो महिला सुरक्षा पर ठोस पहल होते लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं दिख रहा है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि पूरे प्रदेश में आयोजित महिला शक्ति स्वाभिमान मार्च को व्यापक समर्थन मिल रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में भी आज का आयोजन सफल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *