BJP: मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की चिंता करना छोड़ असम में जाकर नित-नया झूठ गढ़ने और लोगों को भ्रमित करने में मशगूल : साय
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने पहाड़ी कोरवा जनजाति की दो बच्चियों के सड़ा हुआ चावल खाने से बेहोश होने का मामला सामने आने पर प्रदेश सरकार के नाकारापन पर तीखा हमला बोला है।
श्री साय ने कहा कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले विशेष संरक्षित कोरवा जनजाति परिवारों के प्रति प्रदेश सरकार की बेरुखी से यह साफ़ हो गया है कि इस निकम्मी और संवेदनहीन सरकार को प्रदेश के लोगों की तक़लीफों से कोई सरोकार नहीं रह गया है और वह सत्ता-लोलुपता की पराकाष्ठा कर रही है।
भाजपा (BJP) प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार को अपने प्रदेश के ग़रीबों, मज़दूरों, आदिवासियों की कोई फ़िक्र नहीं है और उसने केंद्र सरकार द्वारा नि:शुल्क वितरण के लिए भेजा गया अनाज तक नहीं उठाया। यही कारण है कि प्रदेश के ज़रूरतमंदों को पर्याप्त मात्रा में अनाज मुहैया नहीं हो रहा है।
श्री साय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बघेल को सियासी नौटंकियाँ करने, दूसरे दलों के अंदरूनी मामलों में ताकझाँक करने से और ओछी भाषा में विरोधियों के चरित्रहनन करने से ही फ़ुर्सत नहीं है।
(BJP) श्री साय ने कटाक्ष किया कि ‘दिल्ली दरबार’ में ‘शहज़ादे’ की जी-हुजूरी करके अपने नंबर बढ़वाना मुख्यमंत्री बघेल के राजनीतिक चरित्र को ज़्यादा सूट कर रहा है, इसीलिए प्रदेश का किसान परेशान है, कोरवा जनजाति प्रताड़ित हो रही है, ग़रीब-मज़दूर और तमाम वर्ग के लोग हैरान हैं और मुख्यमंत्री बघेल अपने छत्तीसगढ़ प्रदेश की चिंता करना छोड़ असम में जाकर वहाँ नित-नया झूठ गढ़ने और लोगों को भ्रमित करने में मशगूल हैं।

