BJP: अपराध लगातार बढ़ रहे, क़ानून-व्यवस्था चरमरा रही, लेकिन बेख़बर सरकार प्रदेश को अराजकता के गर्त में धकेल रही : संजय श्रीवास्तव
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने दुर्ग ज़िले में एक साथ तीन बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटना पर चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार और उसके गृह मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा किया है।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और क़ानून-व्यवस्था चरमरा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार इन सबसे बेख़बर प्रदेश को अराजकता के गर्त में धकेल रही है।
शर्मनाक स्थिति तो यह है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के अपने गृह ज़िले में ही अपराधों की बाढ़ आई हुई है और गृह मंत्री स्मार्ट पुलिसिंग की जुमलेबाजी करते हुए इन हालात को क़ानून-व्यवस्था का मसला मानने को तैयार ही नहीं हैं।
(BJP) भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास्तव ने कहा कि घर से खेलने की बात कहकर निकले जुड़वा भाइयों व उनके एक साथी का एकाएक यूँ लापता हो जाना इसलिए भी बेहद चिंता का विषय है क्योंकि अभी हाल ही प्रदेश के जशपुर ज़िले से एक युवती को ले जाकर 70 दिनों में 7 बार बेचे जाने और फिर ज़बरिया शादी कराए जाने के बाद उक्त युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने मानव तस्करी के घिनौने षड्यंत्रों का पर्दाफाश किया है। राह चलते हत्या, लूट, हिंसक हमलों, अपहरण, बलात्कार जैसे अपराधों को अंजाम देकर अराजक तत्वों और गुंडों ने लोगों का जीना हराम रखा है।
(BJP) श्री श्रीवास्तव ने गुरुवार को ही महासमुंद ज़िले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवती की हुई हत्या के मामले का भी जिक्र किया और कहा कि अब अपराधी ख़ुलेआम अपराध करके क़ानून के राज को जिस तरह चुनौती दे रहे हैं, वह प्रदेश सरकार की विफलता को दर्शाने के लिए पर्याप्त हैं। सत्ता-संरक्षण ने भी अपराधियों के हौसले बुलंद कर रखा है और उनमें क़ानून की सत्ता का कोई ख़ौफ़ नहीं रह गया है।

