CM Bhupesh Baghel ने रायपुर में 100 बिस्तरीय जैनम् कोविड हॉस्पिटल का किया शुभारंभ, कहा- कोरोना को हराने में सबकी एकजुटता और सहयोग जरूरी
संझा बिहनिया रायपुर …..मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने आज राजधानी रायपुर में माना एयरपोर्ट के सामने जैनम् मानस भवन में सर्वसुविधायुक्त 100 बिस्तरीय जैनम् कोविड हास्पिटल का शुभारंभ किया।
उन्होंने जैन समाज के सहयोग से निर्मित इस निःशुल्क हॉस्पिटल का शुभारंभ राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया। जैनम कोविड हॉस्पिटल में वेंटिलेटर, छह आईसीयू बेड, 42 ऑक्सीजन बेड तथा पैथालॉजी लैब, एम्बुलेंस सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधाएं उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने इसका शुभारंभ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कोरोना को हराने में शासन के साथ-साथ सभी वर्ग और समाज के लोगों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। जैन समाज और शासन के परस्पर सहयोग से स्थापित यह नया अस्पताल कोविड के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेगा। उन्होंने इसके लिए जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त हुए कहा कि उनके द्वारा अपनी गौरवशाली परम्परा के अनुरूप इस विकट परिस्थिति में भी मानवता की सेवा के लिए प्रभावी पहल की है। यह अन्य समाज और संगठनों के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान तेजी से बढ़ते संक्रमण ने पूरे देश में कई तरह की चुनौतियां उपस्थित की है। इसके तहत मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोत्तरी से संसाधनों की कमी होने लगी थी। परन्तु छत्तीसगढ़ में जितनी तेजी के साथ संक्रमण फैला, हमने उतनी ही तेजी से नियंत्रित करने में सफलता भी पाई है। यहां स्वास्थ्य सुविधाओं सहित आवश्यक संसाधनों का तेजी से विस्तार किया गया। राज्य में बेहतर कोविड प्रबंधन के कारण आज हम संक्रमण की गति को कम करने में सफल हुए हैं।

