BJP: भूपेश बघेल का दावा झूठ का पुलिंदा, प्रदेश को कोरोना से जूझता छोड़ ग़ैर-ज़िम्मेदाराना राजनीतिक चरित्र का दिया परिचय : विष्णुदेव साय
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने एक समाचार वेबसाइट से बातचीत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किए गए उस दावे को एकदम सफ़ेद झूठ करार दिया है कि उन्होंने (मुख्यमंत्री बघेल ने) छत्तीसगढ़ में कोरोना से लड़ने के बजाय असम के चुनाव को प्राथमिकता दी और जब असम में चुनाव प्रचार के लिए कुछ समय के लिए गए थे। तब प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर काफी कम थी।
श्री साय ने कहा कि एक मुख्यमंत्री के तौर पर बघेल का यह दावा हास्यास्पद, सच से कोसों दूर और झूठ का पुलिंदा है, क्योंकि प्रदेश इस बात का साक्षी है कि मुख्यमंत्री बघेल पहले विधानसभा का बज़ट सत्र समय पूर्व स्थगित कर असम गए और उसके बाद केवल क्रिकेट मैच कराने रायपुर आये। बघेल ने प्रदेश को कोरोना से जूझने के लिए उसके हाल पर छोड़कर अपने ग़ैर-ज़िम्मेदाराना राजनीतिक चरित्र का परिचय दिया।
भाजपा (BJP) प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के तेज़ी से फैलाव के लिए प्रदेश सरकार अपनी ज़िम्मेदारी से बच नहीं सकती, क्योंकि कोरोना से मुक़ाबले में प्रदेश सरकार ने न तो मज़बूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया और न ही कोरोना की जाँच, उपचार, कोविड सेंटर्स की पुख़्ता व्यवस्था, दवाओं की सुलभ उपलब्धता, कोरोना संक्रमितों के लिए अस्पतालों में बेड व ऑक्सीज़न मुहैया कराने की अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वहन किया।
श्री साय ने कहा कि अप्रैल माह में (BJP) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प. बंगाल की रैलियों पर सवाल उठाने से पहले बार-बार चुनावी रैलियों के लिए असम जाने वाले मुख्यमंत्री बघेल अपने ट्वीटर हैंडल को खंगाल लें जिससे मार्च माह में हुए 215 ट्वीट और रिट्वीट में सिर्फ़ 06 (छह) ट्वीट ही ऐसे हैं, जिनमें प्रदेश के केरेना संक्रमण का ज़िक्र है जबकि 108 ट्वीट असम चुनाव प्रचार को लेकर हैं।

