BJP : सत्ता के अहंकार में चूर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री को-वैक्सीन पर अपने राजनीतिक दुराग्रह का निकृष्ट प्रदर्शन कर रहे : अजय चंद्राकर
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने को-वैक्सीन टीकाकरण को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के रवैए को अड़ियल बताया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि जिस को-वैक्सीन के लिए दुनियाभर के देश भारत से विश्वासपूर्वक आग्रह कर रहे हैं, सत्ता के अहंकार में चूर प्रदेश सरकार और उसके स्वास्थ्य मंत्री उसे लेकर अपने राजनीतिक दुराग्रह का निकृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाजपा (BJP) प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री श्री चंद्राकर ने कहा कि कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन अवधि में केंद्र सरकार के विरुद्ध अनर्गल प्रलाप करके झूठ और नफ़रत फैलाने में लगी रही प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मंत्री सिंहदेव अब को-वैक्सीन की 71.5 हज़ार ख़ुराक़ को कोल्ड स्टोरेज में डम्प कर अपने प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्य से शर्मनाक खिलवाड़ करने पर उतारू है। यह प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण है।
(BJP) श्री चंद्राकर ने कहा कि तमाम वैज्ञानिक और औषधीय परीक्षणों के बाद भारत ने कोरोना को मात देने के लिए इन दवाओं का प्रयोग शुरू किया है, उसे लेकर प्रदेश सरकार और उसके स्वास्थ्य मंत्री का झूठा भ्रम फैलाने वाला अड़ियल रवैया अक्षम्य है। श्री चंद्राकर ने सवाल किया कि प्रदेश में हर मोर्चे पर बुरी तरह मात खाकर विफल सिद्ध हो चुकी कांग्रेस सरकार आख़िर किस आधार पर को-वैक्सीन का उपयोग रोके बैठी है?
अपने निकम्मेपन और नाकारापन की मिसाल बन चुकी कांग्रेस सरकार को केंद्र सरकार और वैज्ञानिकों के उपलब्धिपूर्ण सफल परीक्षणों को चुनौती देकर अपना अहंकारपूर्ण दुराग्रह प्रदेश पर थोपकर जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है। महज़ स्वास्थ्य मंत्री हो जाने से सिंहदेव की सोच वैज्ञानिकों से ऊपर नहीं हो सकती और किसी को भी वैज्ञानिकों की प्रतिभा के अपमान और मनोबल तोड़ने की इज़ाज़त नहीं दी जा सकती।

