Chhattisgarh: हाऊसिंग बोर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पर झूठी एफआईआर का विरोध, सांसद संतोष पाण्डेय ने उठाए सवाल
संझा बिहनिया रायपुर…. (Chhattisgarh) भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अधिकारी-कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश नायर के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराकर फंसाने के मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की आवाज उठाने वाले यूनियन अध्यक्षों को पुलिस का भय दिखाकर परेशान कर रही है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।
(Chhattisgarh) उन्होंने शुक्रवार को एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि हाऊसिंग बोर्ड के संपदा अधिकारी एमए शेख ने 4 फरवरी को यूनियन अध्यक्ष व हाऊसिंग बोर्ड के जनसंपर्क अधिकारी राजेश नायर पर प्रमोशन के नाम पर 10 लाख रुपए की मांग और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। यहां सवाल यही उठता है कि आखिर बिना विभागीय मंत्री और बोर्ड कमिश्नर के कोई यूनियन अध्यक्ष किसी का कैसे प्रमोशन करा सकता है? क्या हाऊसिंग बोर्ड में कमिश्नर की शह पर प्रमोशन के नाम पर वसूली का कोई रैकेट चल रहा है।
(Chhattisgarh) सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने के बाद हाऊसिंग बोर्ड में हिन्दू कर्मचारियों को प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा है. उन्होंने विभागीय मंत्री मोहम्मद अकबर पर भी आरोप लगाया कि ऐसे कामों को उनका शह मिल रहा है,तभी रात ढाई बजे पुलिस प्रशासन के अधिकारी किसी को भी घर से उठाकर एफआईआर काटकर जेल भेजने जैसे काम कर रहे है। श्री पाण्डेय ने कहा कि संपदा अधिकारी श्री शेख द्वारा लगाए गए सभी आरोप फर्जी है, इसकी जांच की जानी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

