cm भूपेश बघेल ने केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखा पत्र, किया ये आग्रह
संझा बिहनिया रायपुर…. सीएम (cm) भूपेश बघेल ने केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है। इसमें सीएम बघेल ने रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की दिल्ली, मुम्बई और कोलकत्ता जैसे महानगरों से एयर कनेक्टिविटी की अनुमति देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से निकट भविष्य में लागू होने वाली उड़ान 4.1 योजना में बिलासपुर की महानगरों के साथ आरसीएस कनेक्टिविटी की सुविधा देने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री (cm) बघेल ने पत्र में लिखा है कि मैं आपके ध्यान में बिलासपुर के साथ दिल्ली, मुंबई और कोलकाता आदि महानगरों की आरसीएस कनेक्टिविटी के मुद्दे को प्रमुखता से लाना चाहूंगा।
छत्तीसगढ़ में न्यायधानी बिलासपुर के महत्व तथा राज्य और क्षेत्र के भीतर बिलासपुर की रणनीतिक और महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति के कारण आपके साथ मेरे पहले के पत्राचार में भी इस विषय पर प्रकाश डाला गया है। मुख्यमंत्री (cm) बघेल ने केन्द्रीय विमानन मंत्री को लिखा है कि बिलासपुर हवाई अड्डे को हाल ही में 3 सी वीएफआर श्रेणी में अपग्रेड किया गया है। राज्य सरकार आरसीएस कनेक्टिविटी के तहत बिलासपुर से दोनों महानगरों के लिए सीधी और चरणों में उड़ानों के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। इसके लिए समय-समय पर कई पत्राचार और कई स्तरों पर चर्चा की गई हैं।

