BJP: प्रसव के दौरान मौत और कर्ज़ लेकर बिल चुकाने के लिए विवश किया जाना शर्मनाक : रमन
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश की बदहाल हो चली स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना और प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की स्वास्थ्य योजना को शर्मनाक राजनीतिक दुराग्रह के चलते बंद कर चुकी प्रदेश सरकार के कुप्रबंधन के चलते ग़रीबों को न तो नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है और न ही लोगों की जान सुरक्षित है।
भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने प्रसव के दौरान गरियाबंद ज़िले के कुल्हाड़ी घाट की विशेष पिछड़ी जनजाति की नामचीन महिला बल्दीबाई की नाती बहू और उसके सद्यः जात बच्चे की मैनपुर के एक निजी अस्पताल में हुई मौत को कलंकपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपने राजनीतिक ओछेपन के चलते जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने में भी नहीं हिचक रही है।
(BJP) डॉ. सिंह ने कहा कि सत्ता में आकर कांग्रेस की प्रदेश सरकार पूरी तरह बदहवास हो गई है और बदनीयती व कुनीतियों के साथ ही अपने कुप्रबंधन के चलते नाकारापन की सारी हदें लांघ चुकी है। केंद्र और भाजपा की पूर्ववर्ती प्रदेश सरकारों की स्वास्थ्य सुविधाओं से प्रदेश के ज़रूरतमंदों और ग़रीबों को वंचित करने वाली कांग्रेस सरकार ने युनिवर्सल हेल्थ स्कीम और खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना का ढोल तो बहुत पीटा, पर कुप्रबंधन के कारण ज़रूरतमंदों को इनका लाभ नहीं मिल रहा है।

