BJP: आख़िर नक्सलियों से आर-पार की लड़ाई का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार कब तक एक्शन मोड में आएगी : साय
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश में नक्सलियों के बढ़ते उत्पात और जानलेवा षड्यंत्रों को लेकर प्रदेश सरकार से सवाल किया है कि आख़िर नक्सलियों से आर-पार की लड़ाई का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार कब तक एक्शन मोड में आएगी?
प्रदेश में नक्सली लगातार बेक़सूरों की जान के दुश्मन बने बैठे हैं और प्रदेश सरकार केवल मुँहजुबानी जमाख़र्च करने में ही लगी है। (BJP) श्री साय ने कहा कि हाल ही जवानों को मौत की नींद सुला देने वाले नक्सली अब भी निर्दोषों का खून बहा रहे और प्रदेश सरकार उनके ख़िलाफ़ ठोस योजना और नीति तक नहीं बना पा रही है, यह बेहद शर्मनाक स्थिति है।
भाजपा (BJP) प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने शुक्रवार की रात विशाखापट्टनम-किरंदुल ट्रेन को एक बड़े हादसे का शिकार बनाने की विफल नक्सली साजिश और बीजापुर में तीन दिन पहले अगवा किए गए डीआरजी के एसआई मुरली ताती को मौत के घाट उतारे जाने को नक्सलियों की कायराना हरक़त बताते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बस्तर दौरे के बाद से नक्सली हड़बड़ाए हुए हैं, क्योंकि वे अब यह मानकर चल रहे हैं कि केंद्र सरकार की रणनीतिक तैयारियों के बाद उनका आतंकराज ख़ात्मे की ओर है और इसी बौखलाहट में लोगों में अपना ख़ौफ़ बनाए रखने की गरज से इस तरह की बड़ी वारदातों को अंजाम देकर अपनी कायर-प्रवृत्ति का परिचय दे रहे हैं।

