BJP: प्रदेश में लगातार बढ़ रहीं आपराधिक वारदातें प्रदेश सरकार और गृह मंत्रालय साबित कर रहीं नाकारा: साय
संझा बिहनिया रायपुर…. (BJP) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने दुर्ग ज़िले में स्थित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन में पांच लोगों की संदिग्ध मौत को चिंतनीय घटना बताते हुए क़ानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
(BJP) श्री साय ने कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक वारदातें बढ़ती जा रही हैं और प्रदेश सरकार और उसके गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू इस पर अंकुश लगा पाने में बुरी तरह विफल साबित होते जा रहे हैं। सामूहिक रूप से हत्या का एक और मामला वहां इससे पहले भी सामने आया था, लेकिन प्रदेश सरकार को इन बढ़ते अपराधों को लेकर कोई चिंता ही नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि यह बेहद ही शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में अपराधी खुलेआम क़ानून के राज को चुनौती दे रहे हैं और मुख्यमंत्री बघेल को सियासी नौटंकियों से ही फ़ुर्सत नहीं है। अपने ही गृह ज़िले में बढ़ते अपराधों के बावज़ूद स्मार्ट पुलिसिंग के जुमले की जुगाली करते गृह मंत्री साहू भी मूकदर्शक बने बैठे हैं।
श्री साय ने कहा कि प्रदेश जिस रफ़्तार से अपराधगढ़ बनाता जा रहा है, वह प्रदेश में जंगलराज का अहसास करा रहा है जहाँ नागरिक सुरक्षा के तमाम दावों के बावज़ूद प्रदेश सरकार अपराधियों में क़ानून के राज का ख़ौफ़ पैदा करने में निकम्मी साबित हो रही है। (BJP) श्री साय ने पाटन के बठेना ग्राम में पाँच लोगों की मौत के इस मामले में तत्काल कठोर कार्रवाई करके दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने और पीड़ित परिवार को तत्काल पर्याप्त आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है।

