chhattisgarh: प्रदेश सरकार की बदनीयती, कुनीतियों और नेतृत्वहीनता के चलते लगभग एक लाख किसान धान बेचने से वंचित : भाजपा
संझा बिहनिया रायपुर…. भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश सरकार की बदनीयती, कुनीतियो के चलते लगभग एक लाख किसानों के धान बेचने से वंचित रहने पर क्षोभ व्यक्त किया है।
श्री जायसवाल ने कहा कि किसानों का दाना-दाना धान ख़रीदने की डींगें हाँकने वाली प्रदेश सरकार ने अपनी तुग़लकशाही के चलते प्रदेश के किसानों को अपनी उपज औने-पौने दाम पर बेचने के लिए विवश करके अपने किसान-विरोधी चरित्र का परिचय ही दिया है। श्री जायसवाल ने कहा कि किसानों को राहत देने धान ख़रीदी की मियाद बढ़ाने की मांग ख़ारिज करके प्रदेश सरकार अपने संवेदनहीन और शर्मनाक सत्तावादी अहंकार का प्रदर्शन कर रही है।
(chhattisgarh) भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि धान ख़रीदी को लेकर प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष की ही तरह इस वर्ष भी शुरू से ही किसानों के साथ छल-कपट और अपनी नाकामियों का ठीकरा केंद्र सरकार के मत्थे फोड़कर प्रदेश को ग़ुमराह करने की विफल कोशिश करती रही। रकबा कटौती और गिरदावरी के सनक भरे पैसलों ने प्रदेश के किसानों की न केवल मुश्क़िलें बढ़ाईं, अपितु मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, कृषि मंत्री व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के गृह ज़िले और इलाक़ों में किसानों को आत्महत्या के लिए बाध्य होना पड़ा।
(chhattisgarh) श्री जायसवाल ने कटाक्ष करके कहा कि आँकड़ों की बाजीगरी दिखाकर प्रदेश सरकार और कांग्रेस भले ही अपनी झूठी वाहवाही में मशगूल हो जाए, लेकिन प्रदेश के किसानों को ख़ून के आँसू रुलाने वाली प्रदेश सरकार और कांग्रेस से किसान अपने आँसुओं की एक-एक बूंद का हिसाब समय आने पर चुकता ज़रूर करेंगे।

